नक्सलवाद को बड़ा झटका: माओवादी के सेंट्रल कमिटी सदस्य रामधेर ने 11 साथियों संग किया आत्मसमर्पण

नक्सलवाद को बड़ा झटका: माओवादी के सेंट्रल कमिटी सदस्य रामधेर ने 11 साथियों संग किया आत्मसमर्पण

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। CPI (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी (CC) से जुड़े शीर्ष सदस्य रामधेर मज्जी ने अपने 11 साथियों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। यह कदम सुरक्षा एजेंसियों के लिए रणनीतिक जीत माना जा रहा है, क्योंकि रामधेर तीन राज्यों छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में फैले नक्सली नेटवर्क से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था।

आत्मसमर्पण के दौरान समूह ने AK-47, INSAS राइफल और अन्य हथियार भी अधिकारियों को सौंपे। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह सरेंडर माओवादी संगठनों की भूमिगत संरचना और लॉजिस्टिक सप्लाई पर सीधा असर डाल सकता है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रामधेर लंबे समय से MMC जोन के संचालन में शामिल था और कई प्रमुख हमलों की रणनीति में भी उसकी भूमिका मानी जाती रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि संगठन में ऊपरी स्तर का कोई नेता हथियार डालता है तो इसका असर नीचे तक साफ दिखता है। जिससे भर्ती, प्रशिक्षण और फंडिंग सब पर ब्रेक लगता है।

ऐसा माना जा रहा है कि हाल के महीनों में बढ़ते दबाव, लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन और माओवादियों के भीतर घटते मनोबल ने इस आत्मसमर्पण को तेज किया। सुरक्षा एजेंसियां अब बाकी सक्रिय मॉड्यूल की तलाश में हैं और नेटवर्क के कमजोर पड़ते हिस्सों की पहचान कर रही हैं।