CG Breaking : प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,गोलीकांड के मुख्य आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर

CG Breaking : प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,गोलीकांड के मुख्य आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर

दुर्ग। जिले में हुए चर्चित गोलीकांड के मुख्य आरोपी और शातिर बदमाश के खिलाफ प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई की। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित उसके अवैध मकान और अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। 10 दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में करण साव मुख्य आरोपी है।

बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में आज सुबह नगर निगम अमला आरोपी करण साव के कैलाश नगर स्थित घर पहुंचा। प्रशासन ने उसके घर के अवैध रूप से बनाए गए अतिरिक्त निर्माण और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे।

14 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे जामुल के कैंप-2 मार्केट के पास विकास प्रजापति नामक युवक पर बाइक सवार दो शूटरों ने जानलेवा हमला किया था। उन्होंने विकास पर गोली चलाई, जो उसके दाहिने कान के पास से छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

घटना के बाद जामुल पुलिस ने अपराध दर्ज कर तेजी से जांच शुरू की। कुछ ही दिनों के भीतर पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता और शूटर करण साव को छावनी के बैकुंठ धाम इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मामले में शामिल उसके पांच अन्य साथियों को भी पकड़ा गया। फिलहाल सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।