मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन किरंदुल ने किया दिव्यांग कर्मियों पर सम्मान
किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट
किरंदुल। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (INTUC) किरंदुल में अध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप एवं सचिव एके सिंह के नेतृत्व में एक गरिमामय, प्रेरणादायी और अत्यंत संवेदनशील कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग कर्मियों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा तथा कार्यस्थल पर समान अवसरों को सुदृढ़ करना और समाज में सकारात्मक एवं सहयोगी वातावरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दिव्यांग साथियों का पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत और कलम भेंट कर सम्मान से हुई। यूनियन पदाधिकारियों ने सभी दिव्यांग सहयोगियों की निष्ठा, लगन, कर्तव्यपरायणता और संगठन के प्रति अमूल्य योगदान की प्रशंसा की।

सचिव एके सिंह ने कहा “हमारे दिव्यांग कर्मियों का जज़्बा और मनोबल पूरे संगठन के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिव्यांग कर्मियों के साहस और कार्यकुशलता के सम्मान में अपनी–अपनी सीट से खड़े होकर तालियों के साथ उन्हें आदरांजलि दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान यूनियन द्वारा दिव्यांग साथियों की कार्य–परिस्थितियों, चुनौतियों और आवश्यक सुविधाओं पर गंभीर चर्चा की गई। यूनियन ने घोषणा की कि कार्यस्थल पर सुगम पहुंच, बेहतर सुरक्षा उपकरण, विशेष मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कई नई पहलें शीघ्र लागू की जाएंगी।

अध्यक्ष विनोद कश्यप ने कहा—
“दिव्यांगता कोई सीमा नहीं, बल्कि अदम्य साहस और अनोखी क्षमता का प्रतीक है।”
उन्होंने सभी कर्मियों से संवेदनशीलता, सहयोग और समानता की भावना को आगे बढ़ाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारी, सदस्य, नए कर्मचारी, महिला सदस्य, ठेका श्रमिक, गार्ड आदि ने उत्साहपूर्ण उपस्थिति दर्ज की।
कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सचिव रविश तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष जियाउल हसन द्वारा किया गया।

admin 









