मेडिकल पीजी में एडमिशन के नाम पर दो डॉक्टरों से 2.75 करोड़ की ठगी, फर्जी अलॉटमेंट लेटर से रचा जाल

मेडिकल पीजी में एडमिशन के नाम पर दो डॉक्टरों से 2.75 करोड़ की ठगी, फर्जी अलॉटमेंट लेटर से रचा जाल

5 आरोपियों पर केस दर्ज

बिलासपुर। मेडिकल पीजी (एमडी) में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर दो डॉक्टरों से करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एमडी रेडियोलॉजी और मेडिसिन में सीट दिलाने का दावा कर एक डॉक्टर से 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए और दूसरे डॉक्टर से करीब 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए वसूल लिए। ठगी के लिए फर्जी सीट अलॉटमेंट लेटर, एडमिशन ऑर्डर और फीस की रसीदों का इस्तेमाल किया गया।

एक पीड़ित डॉक्टर ने तो बेटे के एडमिशन के लिए एजुकेशन लोन लेने के साथ अपना मकान तक गिरवी रख दिया था। सिविल लाइन पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

2.50 करोड़ मांगे, 2.30 करोड़ में तय हुआ सौदा

जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय डॉक्टर का बेटा वर्ष 2023 में नीट पीजी परीक्षा में शामिल हुआ था। उसी साल अक्टूबर में एक आरोपी ने एमडी रेडियोलॉजी या मेडिसिन में सीट दिलाने का दावा करते हुए 2.50 करोड़ रुपए की मांग की। बाद में सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय हुआ। आरोपियों ने डॉक्टर से 74.37 लाख रुपए ऑनलाइन और बैंकिंग माध्यम से, जबकि 55 लाख रुपए नकद लिए।

मैंगलोर बुलाया, फिर बेंगलुरु में "असिस्टेंट रजिस्ट्रार" से मिलवाया

फरवरी 2024 में जब एडमिशन सूची में बेटे का नाम नहीं आया, तो डॉक्टर को शक हुआ। लेकिन आरोपी रकम लौटाने का भरोसा देकर उन्हें टालते रहे। बाद में वॉट्सऐप पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी अलॉटमेंट लेटर भेजकर बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज बुलाया गया। वहां सीट नहीं मिली, तो आरोपी उसे बेंगलुरु ले गए और एक व्यक्ति से मिलवाया, जिसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया। इस दौरान फर्जी एडमिशन ऑर्डर और रसीदें दिखाकर 12.68 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट बनवाने को भी कहा गया।

दूसरे डॉक्टर को भी इसी तरह फंसाया

इसी गिरोह ने दूसरे डॉक्टर को भी इसी तरीके से जाल में फंसाकर 1.45 करोड़ रुपए से ज़्यादा की रकम ऐंठ ली। करीब दो साल तक एडमिशन और पैसे लौटने का इंतज़ार करने के बाद आखिरकार दोनों डॉक्टरों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच कर रही है।