खाना देर से बनाने पर जलती लकड़ी से की थी पत्नी की हत्या, पति को आजीवन कारावास
मुंगेली। खाना देर से बनाने की बात पर पत्नी पर चूल्हे की जलती लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या करने वाले पति को सत्र न्यायालय मुंगेली ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश एवं पीठासीन अधिकारी गिरिजा देवी मरावी ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी तितरु बैगा को दोषी ठहराया और उसे आजीवन कारावास के साथ अर्थदंड की सजा दी।
चूल्हे से लकड़ी निकालकर किया हमला
मामला लोरमी थाना की खुड़िया चौकी क्षेत्र का है (अपराध क्रमांक 37/2025, सत्र प्रकरण क्रमांक 8/2025)। ग्राम औरपानी निवासी तितरु बैगा (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय वीर सिंह बैगा पर अपनी पत्नी जुगरी बाई बैगा की हत्या का आरोप था।
अभियोजन के अनुसार, घटना वाले दिन खाना देर से बनने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने चूल्हे से जलती लकड़ी निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को खटिया पर लिटा दिया। मृतिका के बेटे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
15 गवाह और फॉरेंसिक रिपोर्ट बनी आधार
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में कुल 15 गवाहों का परीक्षण कराया। वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट में जब्त की गई लकड़ी, आरोपी की जर्सी और घटनास्थल पर मानव रक्त होने की पुष्टि हुई। इन्हीं अहम साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार दिया।
आरोपी 25 जनवरी 2025 से ही मुकदमे के दौरान लगातार जेल में बंद था। मामले में अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने पैरवी की।
admin




























