बिलासपुर: घर में घुसकर महिला का मोबाइल झपटा, सिम से फर्जी यूपीआई बनाकर खाते से निकाले रुपए; नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में घर के अंदर घुसकर एक महिला का मोबाइल फोन झपटने और फिर उसके सिम से फर्जी यूपीआई बनाकर बैंक खाते से रुपए निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, तोड़ा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन से जुड़ी रकम जब्त की गई है।
आधी रात कमरे में घुसकर छीना मोबाइल
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 नवंबर को सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि रात करीब 12 बजे वह अपने घर के कमरे में मोबाइल चला रही थी। तभी एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल लेकर भाग गया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल का सिम दूसरे फोन में डालकर फर्जी तरीके से यूपीआई बनाया और महिला के बैंक खाते से रुपए निकाल लिए।
खाते में 4-5 लाख होने की थी जानकारी
शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर शक हुआ। बताया गया कि उसका पीड़िता के घर आना-जाना था और उसे पता था कि महिला के बैंक खाते में 4 से 5 लाख रुपए हैं। पुलिस ने विक्की को बुलाकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साथियों के साथ मिलकर रची थी साज़िश
आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। योजना के तहत रात में घर में घुसकर मोबाइल झपटा गया और फिर सिम का इस्तेमाल कर फर्जी यूपीआई के ज़रिए खाते से रुपए निकाले गए।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मोबाइल, तोड़ा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन से जुड़ी रकम बरामद कर ली। पुलिस ने गनियारी क्षेत्र निवासी बलराम वर्मा (23 वर्ष), विक्की वर्मा (34 वर्ष), संदीप वर्मा (32 वर्ष) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, टीकाराम निषाद, सुरेंद्र तिवारी समेत सकरी पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।
admin




























