रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: दो वाहनों की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, चालक की मौत 

रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: दो वाहनों की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग, चालक की मौत 

रायगढ़। तमनार क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक व्यक्ति की जान ले ली। झींगाबहाल के पास दो वाहनों के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के तुरंत बाद वाहनों में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटों ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। एक चालक वाहन से बाहर नहीं निकल सका और आग में झुलसकर उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए जिंदल उद्योग की फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।