मंत्री गजेंद्र यादव ने जन्मदिवस पर मंदिरों में की पूजा-अर्चना, गौसेवा कर लिया आशीर्वाद

मंत्री गजेंद्र यादव ने जन्मदिवस पर मंदिरों में की पूजा-अर्चना, गौसेवा कर लिया आशीर्वाद

सिद्धिविनायक से लिया आशीर्वाद, माँ चंडिका के दरबार में टेका माथा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री व दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने
जन्मदिवस पर दिन की शुरुआत धार्मिक एवं सेवा कार्यों के साथ की। इस दौरान उन्होंने इंदिरा मार्केट स्थित नगरदेवता सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान गणेश से नगरवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

उन्होंने कहा कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश की कृपा से नगर विकास, सद्भाव और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे तथा प्रत्येक नागरिक का जीवन सुख-शांति और मंगल से परिपूर्ण हो।

इसके बाद उन्होंने दुर्ग की अधिष्ठात्री माँ कुण्डस्वरूपा चंडिका के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और समस्त नगरवासियों के सर्वांगीण कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि माँ चंडिका की कृपा से दुर्ग नगर विकास, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक समरसता के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे।

गौशाला पहुंचकर गौवंश को खिलाया हरा चारा

जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने  राधे कृष्ण गौशाला, गोकुल नगर पुलगांव पहुंचकर गौवंश को हरा चारा अर्पित किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति, करुणा और लोककल्याण की शाश्वत परंपरा का प्रतीक है तथा समाज को सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देती है।

समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ साझा की खुशियां

जन्मदिवस के अवसर पर दुर्ग के सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित समर्थकों और शुभचिंतकों ने जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आत्मीय संवाद भी हुआ। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है तथा उनकी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत बनाता है।