उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड अंबिकापुर व जगदलपुर में 8.7 डिग्री का अंतर
रायपुर (चैनल इंडिया)। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर खत्म होते ही उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड लौट आई है। पिछले तीन दिनों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, पेंड्रारोड का पांच और बिलासपुर का 3.5 डिग्री गिरा है। इसके विपरीत दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात का तापमान बढ़ा है। जगदलपुर में इसी अवधि में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री बढ़ गया है। अब अंबिकापुर और जगदलपुर के रात के तापमान में 8.7 डिग्री का अंतर है।
अंबिकापुर, पेंड्रारोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी तंत्र नहीं है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। चक्रवाती तूफान के असर से पहले 19 नवंबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री था। तीन दिन में यह बढक़र 19.2 डिग्री पहुंच गया था। अब फिर तेजी से गिरावट आई है। दूसरी ओर, जगदलपुर में 22 नवंबर को रात का तापमान 15.9 डिग्री था, जो बुधवार को बढक़र 20.1 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से छह डिग्री अधिक है। राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18.9 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम, जबकि रात का तापमान तीन डिग्री ज्यादा रहा।
admin




























