मंत्री गजेंद्र यादव के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब: डॉ. रमन सिंह सहित बड़ी संख्या में बधाई देने सेवा सदन पहुंचे जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी

मंत्री गजेंद्र यादव के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब: डॉ. रमन सिंह सहित बड़ी संख्या में बधाई देने सेवा सदन पहुंचे जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी

मंत्री के 48वें जन्मदिन पर युवाओं ने किया 48 यूनिट रक्तदान 

रायपुर। स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री व दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव का जन्मदिन रविवार को सेवा, श्रद्धा और जनस्नेह के माहौल में मनाया गया। उन्हें शुभकामनाएं देने सुबह से देर रात तक सेवा सदन में लोगों का तांता लगा रहा। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सेवा सदन पहुंचे और गजेंद्र यादव को स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन समारोह में शहर के विभिन्न समाजों, संगठनों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने लोकप्रिय विधायक एवं मंत्री के प्रति स्नेह व्यक्त किया। सेवा सदन पूरे दिन शुभकामनाएं देने वालों से गुलजार रहा।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी बधाई 

समारोह में रिकेश सेन, ललित चंद्राकर, डोमनलाल कोर्सवाड़ा, रामशीला साहू, अलका बाघमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि पहुंचे। वहीं दुर्ग संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौड़, दुर्ग आईजी अभिषेक सांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसपी विजय अग्रवाल समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन पर महादान 

गजेंद्र यादव के 48वें जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए युवाओं ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस दौरान 48 यूनिट रक्त एकत्र कर अस्पताल को सौंपा गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क सहायता मिल सकेगी। रक्तदाताओं को हेलमेट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। युवाओं के इस सामाजिक योगदान की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

सिद्धिविनायक मंदिर में की पूजा-अर्चना

जन्मदिन की शुरुआत गजेंद्र यादव ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ की। उन्होंने इंदिरा मार्केट स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान गणेश से नगरवासियों की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इसके बाद उन्होंने मां कुण्डस्वरूपा चंडिका मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और शहरवासियों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां चंडिका की कृपा से दुर्ग विकास, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक समरसता के नए आयाम स्थापित करे।

 गौशाला पहुंचकर की गौसेवा

जन्मदिन के अवसर पर गजेंद्र यादव ने पुलगांव स्थित राधे कृष्ण गौशाला पहुंचकर गौवंश को हरा चारा खिलाया। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति, करुणा और लोककल्याण की शाश्वत परंपरा का प्रतीक है तथा समाज को सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देती है।

जन्मदिन समारोह में एक ओर जहां धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन हुआ, वहीं दूसरी ओर हजारों समर्थकों की मौजूदगी रही। पूरे दिन सेवा सदन में बधाई देने वालों की भीड़ लगी रही।