NMDC के 69वें स्थापना दिवस पर किरंदुल परियोजना को मिला ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’

NMDC के 69वें स्थापना दिवस पर किरंदुल परियोजना को मिला ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’

किरंदुल से साहिल गुप्ता की रिपोर्ट

किरंदुल/दंतेवाड़ा।  राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) के 69वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर किरंदुल परियोजना को प्रतिष्ठित CMD ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से NMDC परिवार सहित किरंदुल, बचेली एवं दंतेवाड़ा क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।

हैदराबाद में आयोजित समारोह में माननीय CMD श्री अमिताभ मुखर्जी जी के कर-कमलों से यह सम्मान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार किरंदुल परियोजना से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं ठेका श्रमिकों के अथक परिश्रम, समर्पण और सामूहिक योगदान का प्रतीक है।

NMDC की विकास यात्रा में बैलाडीला-किरंदुल परियोजना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 4 मिलियन टन से 53 मिलियन टन तक उत्पादन की उपलब्धि संस्थान के दूरदर्शी नेतृत्व, तकनीकी दक्षता और श्रमिकों की मेहनत को दर्शाती है।

इस अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (INTUC), किरंदुल की ओर से NMDC के CMD, निदेशक मंडल, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक साथियों एवं उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी गई।

साथ ही INTUC एवं SKMS श्रमिक संगठनों की संयुक्त उपस्थिति को श्रमिक एकता, आपसी सम्मान और सकारात्मक औद्योगिक संबंधों का प्रतीक बताया गया। श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को संस्थान की प्रगति के साथ समान महत्व देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

किरंदुल परियोजना की इस सफलता में स्थानीय क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों के सहयोग और सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

अंत में सभी ने संकल्प लिया कि श्रमिक कल्याण, उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय विकास को प्राथमिकता देते हुए NMDC को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान जारी रखेंगे।