बैंक हड़ताल टली : आज खुले रहेंगे बैंक, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित 3 दिन की हड़ताल वापस

बैंक हड़ताल टली : आज खुले रहेंगे बैंक, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित 3 दिन की हड़ताल वापस

नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए सोमवार सुबह बड़ी राहत की खबर आई है। देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल टल गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक के बाद हड़ताल वापस लेने का फैसला किया गया। ऐसे में आज से बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे और बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी।

हड़ताल टलने से लाखों बैंक ग्राहकों, कारोबारियों और उद्योगों को राहत मिली है। तीन दिनों तक बैंक बंद रहने की स्थिति में नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका थी।

*देर रात बैठक में बनी सहमति*

UFBU के अनुसार, 27 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में हड़ताल टालने पर सहमति बनी। बैठक में तय किया गया कि बाकी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर चर्चा के लिए IBA और UFBU की एक हाईलेवल कमेटी तत्काल गठित की जाएगी।

इसके बाद बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया।

*पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह प्रमुख मांग*

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग है कि बैंकिंग सप्ताह को पांच दिन का किया जाए। इसके तहत शनिवार और रविवार दोनों दिन बैंक कर्मचारियों को अवकाश देने की मांग की जा रही है। यूनियनों का कहना है कि इस मुद्दे पर लंबे समय से चर्चा चल रही है।

इसके अलावा बैंक कर्मचारी संगठनों की अन्य मांगों में NPS से पुरानी पेंशन व्यवस्था में वापस जाने का विकल्प देने की मांग भी शामिल है।

*अधिकारियों के बोनस नियम का भी विरोध*

बैंक यूनियनें बड़े अधिकारियों के लिए लागू किए गए नए बोनस/इंसेंटिव नियम का भी विरोध कर रही हैं। नियम के तहत स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें बेसिक सैलरी के बराबर तक इंसेंटिव या बोनस दिए जाने का प्रावधान है। यूनियनों ने इस व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई है।

फिलहाल हड़ताल टलने के बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है।