संवैधानिक संस्थाएं बनीं मोदी सरकार के दफ्तर : सुखदेव भगत

संवैधानिक संस्थाएं बनीं मोदी  सरकार के दफ्तर : सुखदेव भगत

अम्बिकापुर (चैनल इंडिया)। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने अंबिकापुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। सरगुजा संभाग के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि देश में चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय मोदी सरकार के दफ्तर की तरह काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, जहां जनता सरकार नहीं चुन रही बल्कि सरकार अपनी पसंद तय कर रही है।
 राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार आम जनता के प्रति जवाबदेह होने के बजाय सिर्फ कॉर्पोरेट घरानों के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में भी सडक़ों का विकास नहीं हो पाया है, जिससे यह सरकार पूरी तरह फेल साबित हो रही है। हसदेव क्षेत्र का दौरा करने का जिक्र करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि वहां आदिवासियों की जमीनें जबरन छीनी जा रही हैं। सरकार को आदिवासियों का दर्द नहीं बल्कि जमीन के नीचे दबा कोयला नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी ग्राम सभाएं कराकर खदानों को मंजूरी दी जा रही है और पांचवीं अनुसूची तथा पेसा कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
सुखदेव भगत ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया था कि हसदेव क्षेत्र में नई कोयला खदानें नहीं खोली जाएंगी। इसके बावजूद बीजेपी सरकार ने तारा कोल ब्लॉक को मंजूरी दे दी, यह सरकार आम जनता की नहीं बल्कि चुनिंदा कॉर्पोरेट्स के हितों के लिए काम कर रही है।
..............