तेज रफ्तार कार नदी में गिरी कार, रायपुर के चार युवकों की मौत
कवर्धा। पांडातराई थाना क्षेत्र के गंडई मोड़ पर रविवार देर रात एक भीषण सडक़ हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। जानकारी के मुताबिक बिरगांव के रहने वाले छह युवक पंडरिया क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी वे हादसे का शिकार हो गए।
बताया जा रहा है कि गंडई नदी के पास खतरनाक मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार कार सीधे फोक नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अरमान अली (20), मोहम्मद सैफ (19), अनस अली (21) और कौनैन (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जुनेद रजा (21) और आरजु खान (19) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। अंधेरा और नदी के तेज बहाव के चलते राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। एक शव नदी में लगभग 10 फीट दूर बहकर मिला, जिसे देर रात तक बाहर निकाला गया।

admin 





