नवंबर के आखिरी दिनों में ठिठुरा अंबिकापुर, पारा 8.9 डिग्री पर पहुंचा; अगले 5 दिन ठंड से राहत नहीं

नवंबर के आखिरी दिनों में ठिठुरा अंबिकापुर, पारा 8.9 डिग्री पर पहुंचा; अगले 5 दिन ठंड से राहत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आसमान साफ रहने से तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड ने ज़ोर पकड़ लिया है और सुबह-शाम लोग गर्म कपड़ों में नज़र आने लगे हैं। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में ठंड का असर सबसे ज़्यादा है, जहां सरगुजा संभाग में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

अंबिकापुर सबसे ठंडा, सुकमा सबसे गर्म

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार 27 नवंबर को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस सुकमा में रहा। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

रायपुर में सुबह-शाम बढ़ रही ठंड

राजधानी रायपुर में भी सुबह और रात के समय ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में यहां न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज 28 नवंबर को रायपुर में आसमान साफ रहेगा। दिन में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और रात में न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

5 दिन तक नहीं बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। आने वाले दिनों में प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा और फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। विभाग ने कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। पांच दिन बाद ही मौसम में किसी बदलाव की संभावना है।

बंगाल के सिस्टम का छत्तीसगढ़ पर असर नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों के ऊपर समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसकी वजह से वहां बादल छाने और बारिश की स्थिति है, लेकिन छत्तीसगढ़ पर इसका असर पड़ने की संभावना नहीं है।