रूस ने टेलीग्राम के संस्थापक पावेल दुरोव को इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट में डाला, लगाया आतंकवाद का आरोप

रूस ने टेलीग्राम के संस्थापक पावेल दुरोव को इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट में डाला, लगाया आतंकवाद का आरोप

नई दिल्ली: रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) ने मैसेजिंग ऐप 'टेलीग्राम' के संस्थापक पावेल दुरोव के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करते हुए उन्हें इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट में शामिल कर दिया है। रूसी अधिकारियों का आरोप है कि टेलीग्राम पर आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। रूस का दावा है कि बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद टेलीग्राम प्रशासन ने उन चैनलों, चैट और बॉट्स को नहीं हटाया, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों, आतंकवादी और चरमपंथी संगठनों द्वारा रूस के खिलाफ किया जा रहा है।

1984 में रूस में जन्मे और 'रूस का मार्क जुकरबर्ग' कहे जाने वाले पावेल दुरोव के पास वर्तमान में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और फ्रांस की नागरिकता है। दुरोव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि रूसी अधिकारी उनके खिलाफ झूठी जांच शुरू करके यूज़र्स की गोपनीयता और अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। टेलीग्राम रूस में सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप्स में से एक है, लेकिन हाल के वर्षों में रूस ने इस पर कई प्रतिबंध लगाने की कोशिश की है और अपनी सरकारी मैसेजिंग सेवा 'MAX' को बढ़ावा दिया है। इस नए कानूनी मामले के बाद अब रूस में टेलीग्राम पर पूर्ण प्रतिबंध लगने की आशंका काफी बढ़ गई है।