खैरागढ़ के जंगल में रहस्यमयी मौतों से हड़कंप, जलस्रोत के पास मिले पक्षियों और वन्यजीवों के शव

खैरागढ़ के जंगल में रहस्यमयी मौतों से हड़कंप, जलस्रोत के पास मिले पक्षियों और वन्यजीवों के शव

खैरागढ़। जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जंगल के भीतर एक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। घटना के बाद वन्यजीवों की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

जानकारी के अनुसार, वन्यजीव और प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा दोपहर के समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली के जंगल पहुंचे थे। जंगल में घूमने के दौरान उन्हें सबसे पहले एक ग्रेटर रैकेट-टेल्ड ड्रोंगो मृत अवस्था में दिखाई दिया। इसके बाद आसपास की जांच करने पर जलस्रोत के पास कई पक्षियों और जंगली जानवरों के शव पड़े मिले।

मुकेश वर्मा ने पूरे घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत कई दुर्लभ पक्षियों के शव दिखाई दे रहे हैं। इनमें रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट जैसे पक्षी भी शामिल बताए जा रहे हैं।

एक ही स्थान पर इतने अलग-अलग वन्यजीवों की मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। मुकेश वर्मा ने आशंका जताई है कि जलस्रोत में किसी जहरीले पदार्थ या रसायन की मिलावट की गई हो सकती है, जिससे पानी पीने के बाद इन बेजुबान जीवों की मौत हुई हो। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है। विभाग जहरखुरानी, भीषण गर्मी और पानी की कमी समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। घटनास्थल से पानी और अन्य नमूने एकत्र किए गए हैं, वहीं मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।

घटना के बाद ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस रहस्यमयी घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।