अब वकील और दस्तावेज लेखक के बिना भी रजिस्ट्री
रजिस्ट्री कराने के लिए नई वेबसाइट धरोहर लांच
रायपुर (चैनल इंडिया)। किसी भी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करने के लिए पहली बार ऐसा होगा जब आम लोगों को किसी भी दस्तावेज लेखक या वकीलों की जरूरत नहीं होगी। छत्तीसगढ़ पंजीयन विभाग ने एनजीडीआरएस की नई वेबसाइट धरोहर लांच किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे सबसे पहले रायपुर में लागू किया गया है।
वीआईपी तिराहा चौक के पास बेबीलोन टॉवर में स्थित रजिस्ट्री दफ्तर में इसी वेबसाइट से रजिस्ट्री हो रही है। इसकी तकनीकी खामियों या लोगों को कोई दिक्कत हो रही है तो इसकी जांच की जा रही है। प्रोजेक्ट सफल रहा तो राज्य के सभी 33 जिलों में लागू किया जाएगा। राज्य में सबसे पहले रजिस्ट्री को ऑनलाइन करने के लिए ऑनलाइन सॉल्यूशन लांच किया गया। इसके बाद केंद्र सरकार का सॉफ्टवेयर एनजीआरडीएस लागू किया गया। अब तीसरा नया लेटेस्ट वर्जन धरोहर लांच किया गया है। गूगल प्ले स्टोर से भी इस एप को आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। आधार नंबर डालते ही जमीन की खरीदी-बिक्री की जानकारी अपलोड हो जाएगी।
रजिस्ट्री कराने वाले लोग अपने तय समय में पंजीयन दफ्तर पहुंचेंगे तो यह सारी जानकारी पहले से ही पंजीयक और संबंधित उप पंजीयक के पास पहुंच जाएगी। लोगों को किसी भी तरह के दस्तावेज पेश करने की जरूरत नहीं है। उपपंजीयक के सामने क्रेता-विक्रेता के डिजिटल सिग्नेचर लिए जाएंगे। 24 घंटे से भी कम समय में रजिस्ट्री के दस्तावेज तैयार होकर ऑनलाइन ही मिल जाएंगे। इसके लिए बार-बार पंजीयन दफ्तर जाने की भी जरूरत नहीं है। बेहद कम समय और बिना किसी अतिरिक्त खर्चे के लोग आसानी से रजिस्ट्री करा सकेंगे।
रायपुर के जिला पंजीयक वीरेंद्र श्रीवास ने बताया कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया आसान करने और लोगों की सुविधा के लिए रजिस्ट्री का नया वर्जन धरोहर लांच किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे सबसे पहले रायपुर में लागू किया गया है। नए एप से लोग रजिस्ट्री के दस्तावेज बिना किसी के मदद से ऑनलाइन तैयार कर सकते हैं। U
admin




























