शराब की आदत बनी मौत की वजह, बेटे ने बुजुर्ग पिता को उतारा मौत के घाट

शराब की आदत बनी मौत की वजह, बेटे ने बुजुर्ग पिता को उतारा मौत के घाट

रायपुर। तिल्दा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर में शराब पार्टी करने की बात को लेकर नाराज बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 70 वर्षीय संतु कोठारी के रूप में हुई है, जो रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।

बताया जा रहा है कि संतु कोठारी अक्सर घर में लोगों को बुलाकर शराब पार्टी करते थे। इस बात से उनका बेटा बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू नाराज रहता था। सोमवार रात इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।

आरोप है कि गुस्से में बेटे ने आग जलाने वाली लकड़ी से पिता पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से संतु कोठारी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को घर में ही रखे रहा।

मामले की सूचना वार्ड पार्षद ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।