CG Big News : चारों ओर बाढ़ का पानी, बीच में फंसी यात्री बस, 50 जिंदगियों को रस्सी के सहारे निकाला गया
NH बंद होने पर मोहरा होकर जा रही थी बस, सरई भदर के पास तेज बहाव में फंसी थी यात्रियों की जान
देवभोग। जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच रायपुर से देवभोग जा रही एक यात्री बस सरई भदर के पास बाढ़ के पानी में फंस गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। तेज बहाव के बीच बस के फंसने से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
लगातार बारिश के कारण नेशनल हाईवे बंद था। इसके चलते बस चालक ने मोहरा मार्ग से देवभोग पहुंचने की कोशिश की। इसी दौरान सरई भदर के पास नाले में पानी का बहाव तेज था। चालक ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन बस पानी के बीच फंस गई।
बस के बाढ़ के पानी में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस जवान और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तेज बहाव को देखते हुए यात्रियों को निकालने के लिए रस्सी बांधी गई और एक-एक कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बस में सवार करीब 50 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
काफी देर तक बनी रही अफरा-तफरी
नाले में तेज बहाव के बीच बस के फंसने के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने बारिश के दौरान नदी-नालों के जलस्तर और बहाव को देखते हुए लोगों से पानी के बीच से रास्ता पार नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
admin



