रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर पुलिस का विशेष अभियान, ढाबा और होटल संचालकों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर धरसीवा थाना और सिलतरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने हाईवे किनारे संचालित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने ढाबों और होटलों में लगाई गई अत्यधिक तेज रोशनी वाली हाई-इंटेंसिटी लाइट्स को बंद रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि ऐसी चकाचौंध पैदा करने वाली रोशनी राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों का ध्यान भटका सकती है और दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
पुलिस ने भारी वाहनों और ट्रकों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए। संचालकों और वाहन चालकों से कहा गया कि किसी भी स्थिति में वाहनों को हाईवे के किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ा न किया जाए। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने और पार्किंग के दौरान लाइट चालू रखने की सलाह दी गई है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी ढाबे या होटल में शराब की बिक्री या सेवन कराना कानूनन प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने होटल और ढाबा संचालकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 को देने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, अपराधों पर नियंत्रण रखने और यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

admin 




