प्रधानमंत्री आवास में दरवाजा लगाने की बात पर विवाद, पिता और छोटे भाई पर हत्या का आरोप

प्रधानमंत्री आवास में दरवाजा लगाने की बात पर विवाद, पिता और छोटे भाई पर हत्या का आरोप

कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम सिल्कीडुगरू में प्रधानमंत्री आवास में लोहे का दरवाजा लगाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर तीर से हमला किया, जिसके बाद पिता ने उस पर सब्बल से वार कर दिया। घटना में 35 वर्षीय रामदुलार पहाड़ी कोरवा की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पिता और पुत्र फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

आवास में दरवाजा लगाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत सिमकेंदा से करीब तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित आश्रित ग्राम सिल्कीडुगरू में नंदू पहाड़ी कोरवा अपने छोटे बेटे अगहन कोरवा के साथ रहता था। पास के मकान में उसका बड़ा बेटा रामदुलार अपनी पत्नी और परिवार के साथ रहता था।

बताया जा रहा है कि रामदुलार के नाम पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था और निर्माण कार्य जारी था। 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान आवास में लोहे का दरवाजा लगाने की बात पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

तीर लगने के बाद सब्बल से हमला

आरोप है कि पिता और छोटे भाई के साथ विवाद के बीच रामदुलार वहां से भागने लगा। उसे भागते देख छोटे भाई अगहन ने धनुष से तीर चला दिया, जो रामदुलार की जांघ में जा लगा। वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पिता नंदू ने उस पर सब्बल से कई वार किए।

हमले में रामदुलार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसका शव पूरी रात घर के बाहर पड़ा रहा। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पहाड़ी रास्ते से घटनास्थल पहुंची पुलिस

सूचना मिलने पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। गांव तक पहुंचने के लिए पुलिस को करीब तीन किलोमीटर तक पहाड़ी और पगडंडी वाले रास्ते से जाना पड़ा।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आरोपी पिता नंदू और छोटे भाई अगहन की तलाश की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।