सड्डू में चलती सिटी बस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

सड्डू में चलती सिटी बस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रायपुर रेलवे स्टेशन से खरोरा जा रही एक सिटी बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा सड्डू साइंस सेंटर रोड पर टर्निंग के पास हुआ, जहां चलते-चलते बस के ड्राइविंग साइड में डीजल टैंक के समीप आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी।

घटना के समय बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और गेट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ लोगों ने बस से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि बस रोजाना की तरह रेलवे स्टेशन से खरोरा के लिए रिटर्न ट्रिप पर निकली थी। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

हादसे के कारण पुराने विधानसभा रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पंडरी पुलिस ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और राहत कार्य शुरू कराया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में अग्निशमन उपकरण मौजूद नहीं था, जिसके चलते आग पर शुरुआती नियंत्रण नहीं पाया जा सका। वहीं दमकल वाहन के देर से पहुंचने के कारण आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।