रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म और लूट के आरोप में दो गिरफ्तार
युवती के मित्र से मारपीट कर किया था बेहोश, वारदात का वीडियो बनाने में इस्तेमाल आईफोन और डंडा बरामद
रायगढ़। खरसिया के बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में युवती से सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया और वारदात से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को हुई इस घटना के मामले में बोतल्दा निवासी राहुल पटेल (21) और फनेश्वर प्रसाद पटेल (20) को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने युवती के मित्र के साथ डंडे से मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया था। इसके बाद युवती को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बनाया।
आईफोन, डंडा और लूट की रकम बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन, वारदात में प्रयुक्त डंडा और लूट की रकम बरामद की गई है। आरोपियों के मोबाइल की जांच के दौरान अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है।
खरसिया पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 309(6) और 70 के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
admin
















