चार साल से ड्यूटी से गायब कर्मचारी की सेवा समाप्त, विभागीय जांच में आरोप साबित
रायपुर। लंबे समय से बिना अनुमति और बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षा विभाग के एक कर्मचारी पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा ने विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी सूरज कुमार भगत की सेवा समाप्त कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार भगत शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मणगढ़, विकासखंड उदयपुर में पदस्थ थे। वह 17 मार्च 2021 से लगातार बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। उनकी अनुपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने समय-समय पर कारण बताओ नोटिस जारी किए और उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर भी प्रदान किया।
विभाग द्वारा समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर भी कर्मचारी को जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई। जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में यह पाया गया कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय तक अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे तथा अपनी अनुपस्थिति के समर्थन में कोई वैध कारण या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत सूरज कुमार भगत की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासकीय सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आवश्यक है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनधिकृत अनुपस्थिति को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
admin




