नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
नशीला पदार्थ देकर शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो से धमकाने और मारपीट करने की भी शिकायत
डोंगरगढ़। नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला का यौन शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में डोंगरगढ़ पुलिस ने 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नशीला पदार्थ देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 3 अक्टूबर 2026 को डोंगरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि थाना चौक, डोंगरगढ़ निवासी भारत भूषण मेश्राम (52) ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और उसका यौन शोषण किया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने नशीला पदार्थ देकर उसका यौन उत्पीड़न किया, मारपीट की और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। इसके अलावा सामाजिक रूप से बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत भी की गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 609/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(2)(ता), 296, 35(3) और 5(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
admin
















