इंद्रावती उफान पर : बस्तर में वायुसेना ने किया एयरलिफ्ट, नावों से लोगों को निकाला गया सुरक्षित

इंद्रावती उफान पर : बस्तर में वायुसेना ने किया एयरलिफ्ट, नावों से लोगों को निकाला गया सुरक्षित

जगदलपुर। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से जगदलपुर के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए अब वायुसेना ने मोर्चा संभाल लिया है। Mi-17 हेलीकॉप्टर की मदद से 12 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। वहीं नावों के जरिए अब तक 805 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

महापौर संजय पांडे के मुताबिक शहर के डोंगाघाट और आसना इलाके में 50 से ज्यादा लोग अब भी बाढ़ के पानी के बीच फंसे हैं। इसके अलावा प्रवीर वार्ड और विजय वार्ड में 20 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की सूचना है। इन इलाकों में राहत और बचाव दल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

*7,300 से ज्यादा लोग राहत शिविरों में*

बाढ़ प्रभावित ग्रामीण और शहरी इलाकों से निकाले गए लोगों के लिए प्रशासन ने राहत शिविर बनाए हैं। फिलहाल 7,300 से ज्यादा लोग इन शिविरों में शरण लिए हुए हैं। यहां लोगों के लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में जरूरत के मुताबिक खाद्य सामग्री और पानी भी पहुंचा रही हैं।

*तेज बहाव के कारण करीब 100 लोग अब भी फंसे*

घाटपद्मुर, पनारापारा और कोकापाल में स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। इन क्षेत्रों में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण करीब 100 लोग अब भी फंसे हुए हैं। SDRF की टीमें बोट के जरिए प्रभावित लोगों तक पहुंचने का लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है।

प्रशासन का कहना है कि प्रभावित लोगों तक जरूरी सामान पहुंचाने का काम जारी है। हालात बिगड़ने या जरूरत पड़ने पर दोबारा वायुसेना की मदद से एयरलिफ्ट ऑपरेशन चलाया जाएगा।