अकवान का असर ! रायपुर में बदला मौसम का मिजाज,तेज सर्द हवाओं के साथ बारिश
शुक्रवार से बारिश का अलर्ट,50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी
रायपुर (चैनल इंडिया)। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर प्रदेश में भी दिख सकता है। इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोनों दिन अलग-अलग जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में ठंड का असर भी बना हुआ है। वहीं राजधानी रायपुर में गुरुवार रात अचानक मौसम का मिजाज बदला। तेज सर्द हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडकता बढ़ गई।
अकवान के असर के जारी अलर्ट के मुताबिक बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। कल 20 नवंबर दोपहर तक इसके उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
admin
















