बोर्ड परीक्षाओं में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं : गजेंद्र यादव
रायपुर (चैनल इंडिया)। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विभाग के संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता, पाठ्यक्रम की प्रगति, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों तथा विद्यालयों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मंत्री यादव ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिक्षकों के अवकाश पर जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं परीक्षा की तैयारी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तिमाही परीक्षा परिणामों का मूल्यांकन कर कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने तथा अर्धवार्षिक एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यार्थियों के गणितीय ज्ञान और शब्द ज्ञान के स्तर की संभागवार समीक्षा भी की गई। इसके साथ ही जिलों में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की गई।
मंत्री यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद, योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार विद्यालयों में कम से कम एक घंटे योग एवं खेल गतिविधियों में बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही स्काउट-गाइड एवं एनसीसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीटीआई) के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
..............
admin
















