दो वर्ष पूर्व विधायक दल का नेता चुने जाने पर मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार,भरोसा निभाने का संकल्प दोहराया

दो वर्ष पूर्व विधायक दल का नेता चुने जाने पर मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार,भरोसा निभाने का संकल्प दोहराया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जनजातीय गौरव, राष्ट्रीय नायक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह के पावन बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वीर नारायण सिंह की न्याय, समानता और स्वाभिमान की विरासत छत्तीसगढ़ की आत्मा में आज भी जीवित है और राज्य के विकास के लिए प्रेरक शक्ति के रूप में कार्य करती है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण क्षण को भी स्मरण किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर पोस्ट किया कि इसी ऐतिहासिक दिवस पर दो वर्ष पूर्व भाजपा विधायक दल ने सर्वसम्मति से उन्हें अपना नेता चुना था, जिसे वे जीवनभर की बड़ी जिम्मेदारी और जनता-संगठन द्वारा प्रदत्त विश्वास के रूप में देखते हैं। मुख्यमंत्री साय ने सभी विधायकों और कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह भरोसा उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक सजग एवं उत्तरदायी बनाता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की ‘गारंटी’ पर विश्वास कर ऐतिहासिक जनादेश दिया, और इस विश्वास को निभाना उनकी सरकार का प्रथम कर्तव्य रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अपने अधिकांश प्रमुख वादों को समयबद्ध रूप से पूरा किया है तथा शेष घोषणाओं को भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “निस्संदेह दो वर्ष का समय किसी राज्य के लिए कम होता है, लेकिन हमने जनता के बीच भरोसे की एक मजबूत नींव तैयार की है।”

राज्य के दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण पर विस्तार से बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विज़न डॉक्यूमेंट और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से आने वाले वर्षों के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया है, ताकि उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक सुखी, समृद्ध और अवसरों से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है, जहाँ विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह जी ने जिस समान, न्यायपूर्ण और स्वाभिमानी समाज का सपना देखा था, उस दिशा में कार्य करना उनकी सरकार की प्रतिबद्धता और प्रेरणा दोनों है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार प्राण-पण से कार्य कर रही है और आगे भी पूरी निष्ठा से करती रहेगी।