’’जॉन का दुश्मन Only Five Star Hotel’’ 5 स्टार होटल्स का सीरियल ठग रायपुर में गिरफ्तार,300 से ज्यादा महंगे होटलों को बनाया निशाना

’’जॉन का दुश्मन Only Five Star Hotel’’ 5 स्टार होटल्स का सीरियल ठग रायपुर में गिरफ्तार,300 से ज्यादा महंगे होटलों को बनाया निशाना

रायपुर। राजधानी रायपुर के होटल हयात में करीब 2.12 लाख रुपए की ठगी और लैपटॉप लेकर फरार होने वाले अंतर्राज्यीय ठग को पुलिस ने घटना के 72 घंटे के भीतर ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी देशभर के 300 से अधिक महंगे होटलों को निशाना बना चुका है और पिछले तीन दशक में 10 से ज्यादा राज्यों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिंगसन जॉन (69) निवासी तूतीकोरिन, तमिलनाडु के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह खुद को कभी विदेशी टूरिस्ट गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर 5 स्टार होटलों में ठहरता था। होटल की सभी सुविधाओं का इस्तेमाल करने के बाद बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था। कई मामलों में वह होटल का सामान भी साथ ले जाता था।

हयात होटल से लैपटॉप लेकर हुआ था फरार

मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित होटल हयात का है। आरोपी 25 जून को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह बिना चेक-आउट किए होटल से निकल गया। उसने होटल का 63,755 रुपए का बिल नहीं चुकाया और होटल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपए का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

मोबाइल लोकेशन से भुवनेश्वर पहुंची पुलिस

डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी मध्य उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में उसकी लोकेशन भुवनेश्वर मिली, जहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।

चार्ल्स शोभराज से था प्रभावित

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित रहा है। तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान उसका कई बड़े अपराधियों से संपर्क हुआ। इसके बाद उसने महंगे होटलों को निशाना बनाना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 1990 से लगातार इसी तरह की वारदातें करता रहा है और करीब 15 साल विभिन्न जेलों में भी बिता चुका है।

सिर्फ 5 स्टार होटल ही बनते थे निशाना

पुलिस के अनुसार बिंगसन जॉन केवल महंगे और 5 स्टार होटलों को ही निशाना बनाता था। होटल में कई दिन रुककर सुविधाओं का लाभ उठाता, महंगे सामान किराए पर लेता और फिर बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था। उसके खिलाफ देश के कई राज्यों में धोखाधड़ी और चोरी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।