नाबालिग का गर्भपात कराने के आरोप में महिला डॉक्टर गिरफ्तार

नाबालिग का गर्भपात कराने के आरोप में महिला डॉक्टर गिरफ्तार

पुलिस जांच में डॉक्टर को पीड़िता की उम्र की जानकारी होने का खुलासा, भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट करने का भी आरोप

बिलासपुर। नाबालिग लड़कियों का गर्भपात कराने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट करने के मामले में तोरवा पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई। गिरफ्तार डॉक्टर को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

तोरवा थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडे के अनुसार, तोरवा निवासी गणेश सोनी (30) पर नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान लड़कियां गर्भवती हो गई थीं। आरोप है कि गणेश सोनी ने उसलापुर निवासी महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43) की मदद से अस्पताल में गर्भपात कराया था।

मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है। प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने महिला डॉक्टर से पूछताछ की। जांच में गर्भपात कराने में उसकी संलिप्तता से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है।

नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद कराया गर्भपात

पुलिस के मुताबिक, जांच में यह सामने आया कि महिला डॉक्टर को लड़कियों के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। आरोप है कि बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट कर दिया गया। डॉक्टर पर घटना की जानकारी पुलिस को नहीं देने का भी आरोप है।

तोरवा पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को 13 नवंबर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।