राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन की डिजिटल उड़ान, वेबसाइट लॉन्च के साथ मना दीपावली मिलन

राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन की डिजिटल उड़ान, वेबसाइट लॉन्च के साथ मना दीपावली मिलन

राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन की वार्षिक सभा में वेबसाइट लॉन्च, दीपावली मिलन भी मनाया

रायपुर। छत्तीसगढ़ राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा, दीपावली मिलन समारोह और आधिकारिक वेबसाइट लॉन्चिंग कार्यक्रम होटल सेलिब्रेशन में आयोजित किया गया। समारोह में चावल कारोबार से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। इस दौरान संगठन की नई वेबसाइट का अतिथियों ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। मुख्य अतिथि ऑल इंडिया राइस मिलर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश अग्रवाल, कैट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर परवानी, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौराणी, द राइस एक्सपोर्ट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मुकेश जैन और छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के सचिव विष्णु बिंदल ने संगठन की इस पहल की सराहना की।

डिजिटल पहचान से संगठन को मिलेगी मजबूती

अतिथियों ने कहा कि डिजिटल युग में वेबसाइट संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों और व्यापारिक जानकारियों को साझा करने का प्रभावी माध्यम है। इससे संगठन की पहचान और कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मदद मिलेगी। वेबसाइट का निर्माण स्पर्श अग्रवाल और उनकी टीम ने किया। इस योगदान के लिए टीम को सम्मानित किया गया।

वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत, सदस्यों का सम्मान

सभा में एसोसिएशन के सचिव सुमित केडिया ने वार्षिक सचिव प्रतिवेदन और अध्यक्ष गोपाल बजाज ने अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, संगठन के सदस्य विशाल खंडेलवाल और संदीप खंडेलवाल को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर विशेष रूप से उनका सत्कार किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष नरेश चौबे ने आभार व्यक्त किया। संचालन राजू झमनानी ने किया। समारोह में दीपावली मिलन के साथ सदस्यों ने आपसी मेल-मिलाप और शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।