एक माह पूर्व बनी थी योजना, ऑफिस बॉय निकला 10 लाख की लूट का मास्टरमाइंड
रायपुर। मंदिर हसौद क्षेत्र में 10 लाख रुपए की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि उसी कंपनी में काम करने वाला ऑफिस बॉय निकला। आरोपी ने अपने भाई और उसके साथी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.70 लाख रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल बर्गमेन स्कूटर और मोबाइल फोन जब्त किया है।
मजदूरों के भुगतान के लिए ले जाए जा रहे थे 10 लाख रुपए
पुलिस के मुताबिक समता कॉलोनी निवासी कंस्ट्रक्शन कारोबारी अतुल अग्रवाल की कंपनी का निर्माण कार्य नया रायपुर के सेक्टर-26 में चल रहा है। 16 जून की शाम कंपनी का कर्मचारी विद्यासागर डहरिया मजदूरों के भुगतान के लिए 10 लाख रुपए बैग में लेकर मोटरसाइकिल से नया रायपुर जा रहा था।
शाम करीब 6:17 बजे रायपुर-सेरीखेड़ी मार्ग स्थित ओवरब्रिज के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। बैग छीनने में असफल होने पर एक आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाया, जिसके बाद बदमाश नगदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग
घटना के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण और कंपनी कर्मचारियों की गतिविधियों की पड़ताल के दौरान ऑफिस बॉय दिनेश राव की भूमिका संदिग्ध मिली। पूछताछ में वह बार-बार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।
एक महीने पहले बनाई थी लूट की योजना
22 वर्षीय दिनेश राव वर्ष 2022 से कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में काम कर रहा था। उसे कंपनी में आने-जाने वाली नकदी की पूरी जानकारी रहती थी। पूछताछ में उसने बताया कि कंपनी मालिक पर बैंक का कर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद उसने करीब एक महीने पहले लूट की योजना बनाई।
घटना वाले दिन जैसे ही उसे पता चला कि 10 लाख रुपए लेकर कर्मचारी नया रायपुर जा रहा है, उसने उसका पीछा शुरू कर दिया। इसके बाद उसने अपने भाई और उसके दोस्त को बुलाकर कर्मचारी की पहचान कराई। दोनों आरोपियों ने रास्ते में चाकू दिखाकर रकम लूट ली।
लूट के बाद अमलेश्वर में हुआ पैसों का बंटवारा
वारदात के बाद तीनों आरोपी अमलेश्वर में मिले। वहां दिनेश ने लूट की पूरी रकम अपने कब्जे में ले ली। उसने अपने भाई और उसके साथी को 30-30 हजार रुपए देने का वादा किया और तत्काल 30 हजार रुपए दिए। बाकी 9.70 लाख रुपए खुद रख लिए।
9.70 लाख नकद और स्कूटर जब्त
पुलिस ने आरोपी दिनेश राव की निशानदेही पर 9 लाख 70 हजार रुपए नकद, घटना में इस्तेमाल बर्गमेन स्कूटर (CG-04-QK-6037) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10.80 लाख रुपए बताई गई है।
दो आरोपी अब भी फरार
मुख्य आरोपी दिनेश राव को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की गई है। वहीं लूट में शामिल उसके भाई और एक अन्य साथी की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

admin 




