कटेल टिकरा जंगल में मिली महिला अधिवक्ता की हत्या का खुलासा, शादी के दबाव में प्रेमी ने की थी हत्या
रायगढ़। कटेल टिकरा जंगल में नग्न अवस्था में मिली महिला अधिवक्ता की हत्या की गुत्थी रायगढ़ पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध में शादी का दबाव बनने पर प्रेमी ने ही अधिवक्ता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले का खुलासा करते हुए शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मृतका की पहचान आराधना सिदार (31) निवासी केराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई है। आरोपी लोकनाथ पटेल निवासी सक्ती को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 12 मई को पूंजीपथरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कटेल टिकरा जंगल की शासकीय भूमि पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने शव देख पुलिस को सूचना दी थी। महिला का शव नग्न अवस्था में मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची थी। जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से अहम सुराग मिला। घटनास्थल से मिले कपड़े, सैंडल और फोटो परिजनों को दिखाने पर शव की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई।
पुलिस ने कॉल डिटेल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक बाइक पर मृतका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी लोकनाथ पटेल तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि आराधना से उसका पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से शादीशुदा था, लेकिन मृतका लगातार उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।
आरोपी ने 9 मई की रात आराधना से बात कर 10 मई को मिलने बुलाया। वह बाइक से उसे सक्ती और दमाऊधारा मंदिर लेकर गया। शाम को सक्ती के एक लॉज में फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन सुनसान जंगल में ले जाकर पहले गला दबाया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने खून के निशान मिटाने और सबूत छिपाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, शक से बचने के लिए आरोपी ने मृतका का मोबाइल इस्तेमाल कर उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज में बात भी की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। इस अंधे कत्ल का खुलासा एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में किया गया। जांच में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

admin 





