रायपुर के सैलून में MDMA ड्रग्स मिलने से हड़कंप, 2 महिलाएं और ट्रांसजेंडर गिरफ्तार
14.73 ग्राम ड्रग्स जब्त, कीमत 1.47 लाख रुपए; सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
रायपुर। शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में MDMA ड्रग्स की बिक्री की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस ने छापा मारा। कार्रवाई में दो महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 14.73 ग्राम MDMA ड्रग्स जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 47 हजार 300 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को टीम को सूचना मिली थी कि सैलून में ड्रग्स की बिक्री की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां मौजूद आशा नायक (27), कृष्णा तिवारी (29) और हेमंत थापा (36) की तलाशी लेने पर उनके पास से MDMA बरामद हुआ। तीनों को गिरफ्तार कर खम्हारडीह थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स की सप्लाई कहां से हुई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है। मामले में ड्रग्स के स्रोत से लेकर संभावित खरीदारों तक की कड़ियां जोड़ने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप के निर्देशन में की गई।
admin



