जीएसटी ने बदली अर्थव्यवस्था की तस्वीर, विद्यार्थियों ने समझी टैक्स व्यवस्था

जीएसटी ने बदली अर्थव्यवस्था की तस्वीर, विद्यार्थियों ने समझी टैक्स व्यवस्था

रायपुर। कृष्णा विकास ग्लोबल यूनिवर्सिटी (KVGU) के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट में ‘जीएसटी और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसका असर’ विषय पर गेस्ट लेक्चर आयोजित किया गया। इसमें बीबीए और बीकॉम के 70 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जीएसटी की व्यवस्था और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव की जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता विवेकानंद मानव उत्कृष्टता संस्थान, रायपुर के सहायक प्रोफेसर एम. आदि शेषय्या ने बताया कि 1 जुलाई 2017 को ‘एक राष्ट्र, एक कर’ की अवधारणा के तहत जीएसटी लागू किया गया। उन्होंने उत्पाद शुल्क, वैट और सेवा कर जैसी पुरानी अप्रत्यक्ष कर व्यवस्थाओं के एकीकरण और दोहरे कराधान को कम करने में जीएसटी की भूमिका को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।

उन्होंने विद्यार्थियों को CGST, SGST, IGST और UTGST की कार्यप्रणाली के साथ विभिन्न कर स्लैब की जानकारी दी। जीएसटी के कारण व्यापारिक प्रक्रियाओं, माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स में आए बदलावों पर भी चर्चा की गई। वक्ता ने छोटे और मध्यम कारोबारियों के लिए अनुपालन संबंधी चुनौतियों तथा ई-इनवॉइसिंग, GSTR फाइलिंग और कंपोजीशन स्कीम जैसे सुधारों की जानकारी दी।

सवाल-जवाब में विद्यार्थियों ने पूछे व्यावहारिक सवाल

लेक्चर के बाद हुए प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने स्टार्टअप के लिए जीएसटी अनुपालन, ई-कॉमर्स कारोबार और जीएसटी से जुड़े करियर विकल्पों को लेकर सवाल किए। विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब व्यावहारिक उदाहरणों के साथ दिए।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. वाई. नरसिम्हुल्लू, कुलसचिव डॉ. रितेश कुमार देवांगन, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. सीमा अग्रवाल और परीक्षा नियंत्रक डॉ. संदीप सोनकर मौजूद रहे। स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के विभागाध्यक्ष अपूर्व जडेजा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय की ओर से अतिथि वक्ता को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।