रात्रि गश्त टीम की सतर्कता से AC चोरी का खुलासा, गार्ड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

रात्रि गश्त टीम की सतर्कता से AC चोरी का खुलासा, गार्ड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ भाड़ा नियंत्रण अधिकरण कार्यालय से एसी आउटडोर यूनिट चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रात्रि गश्त टीम की सतर्कता और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की साजिश रचने, वारदात को अंजाम देने और चोरी का सामान खरीदने वाले कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 9 एसी आउटडोर यूनिट और नगदी रकम बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, कार्यालय परिसर से एसी आउटडोर यूनिट चोरी होने की सूचना मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। जांच के दौरान रात्रि गश्त अधिकारियों ने बताया कि घटना वाली रात कार्यालय के बाहर एक संदिग्ध ऑटो वाहन खड़ा मिला था। पूछताछ में वहां मौजूद लोगों ने कार्यालयीन कार्य और गार्ड ड्यूटी का हवाला देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोलिंग टीम को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।

लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने कार्यालय परिसर में तैनात गार्ड से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनसान और अवकाश के दिन कार्यालय परिसर में लगे एसी आउटडोर यूनिट चोरी करने की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को आरोपियों ने मिलकर कार्यालय परिसर से कुल 9 एसी आउटडोर यूनिट निकालकर ई-रिक्शा में लोड किए और मंगल बाजार क्षेत्र में पुराने एसी खरीदने-बेचने वाले व्यक्ति को करीब 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिए। चोरी से मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी।

गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद कुमार मुखर्जी उर्फ बंटी, बशारत हुसैन, मोहम्मद दानिश तंवर, शाह हुसैन और हाशिम हुसैन उर्फ सोनू सहित कुल 6 आरोपी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अरविंद कुमार मुखर्जी ने कार्यालय भवन और परिसर की जानकारी उपलब्ध कराकर चोरी की योजना बनाई थी, जबकि अन्य आरोपियों ने एसी यूनिट निकालने, वाहन में लोड करने, परिवहन और बिक्री कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं हाशिम हुसैन उर्फ सोनू चोरी का सामान खरीदने और अपने कब्जे में रखने में शामिल था।

मौदहापारा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(2), 317(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।