जुए के अड्डे पर पुलिस की रेड, 1.92 लाख कैश जब्त,4 निकले पुराने खिलाड़ी,6 दबोचे गए
चार आरोपी निकले आदतन जुआड़ी, पहले भी दर्ज हैं कई मामले
रायपुर। रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रसनी स्थित बोरिद पुल के पास चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई में छह जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.92 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चार ऐसे हैं, जिन पर पहले भी जुआ के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि रसनी बोरिद पुल के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना आरंग पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की और छह आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। उनके कब्जे से कुल 1,92,000 रुपए नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में पता चला कि नवल किशोर शर्मा, पुरुषोत्तम जोशी, दौलत राम लोधी और तरुण चन्द्राकर आदतन जुआड़ी हैं। पुलिस के अनुसार इन चारों के खिलाफ थाना आरंग में पहले भी जुआ से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद ये चोरी-छिपे अपने साथियों के साथ जुआ खेलने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

admin 




