ऑनलाइन सट्टा पैनल चलाने वाला मुख्य आरोपी 9 महीने बाद गिरफ्तार

ऑनलाइन सट्टा पैनल चलाने वाला मुख्य आरोपी 9 महीने बाद गिरफ्तार

रायपुर। ऑनलाइन बैटिंग साइट jmdbet777.com के पैनल से सट्टा संचालित करने के मामले में फरार मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी (45) को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह पिछले 9 महीने से फरार था। आरोपी के कब्जे से मामले से जुड़े दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी नितिन मोटवानी (45) निवासी सी-304, पाल्म बैलाजियो, थाना खम्हारडीह, रायपुर है।कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस ने की है।

गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 37.50 लाख रुपए नकद, 5 लाख रुपए कीमत के 10 मोबाइल फोन और तीन कारें जब्त की गई थीं। इनमें दो महिंद्रा थार की कीमत 40 लाख रुपए और एक नेक्सा XL6 की कीमत 10 लाख रुपए बताई गई थी। कुल जब्ती की कीमत करीब 92.50 लाख रुपए थी।

रायपुर में मौजूदगी की सूचना पर गिरफ्तारी

इस मामले में ऑनलाइन बैटिंग साइट की आईडी लेकर पैनल चलाने वाला नितिन मोटवानी घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान रायपुर में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन बैटिंग साइट का पैनल संचालित करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।