बाजार से लेकर सड़क तक : बाइक-स्कूटी चुराने वाला गैंग पकड़ाया,नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

बाजार से लेकर सड़क तक : बाइक-स्कूटी चुराने वाला गैंग पकड़ाया,नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों और नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत के 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने अभनपुर क्षेत्र से 4 और राखी क्षेत्र से 1 वाहन चोरी किया था।

पुलिस के अनुसार अभनपुर निवासी रोशन साहू ने मार्च 2026 में शनिचरी बाजार से अपनी एचएफ डीलक्स बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आकाश लहरे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने संदीप कुमार सिंह और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अभनपुर और राखी थाना क्षेत्र में कुल 5 दोपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर 3 एचएफ डीलक्स बाइक, 1 एक्टिवा और 1 लियो मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अभनपुर और राखी थाने में दर्ज मामलों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। वाहन बरामदगी और आरोपियों तक पहुंचने में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।