Raipur Crime : एटीएम और बैंक लॉकर तोड़कर चोरी की कोशिश,आरोपी से लैपटॉप जब्त

Raipur Crime : एटीएम और बैंक लॉकर तोड़कर चोरी की कोशिश,आरोपी से लैपटॉप जब्त

रायपुर। टाटीबंध के इंडिया वन एटीएम और चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक में चोरी की कोशिश कर तोड़फोड़ करने वाले आरोपी पंकज ध्रुव (27) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 25-26 सितंबर की रात आरोपी ने टाटीबंध चौक स्थित एटीएम की स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा और कैश निकासी हिस्से को क्षतिग्रस्त किया था। उसने यूपीएस की बैटरी चोरी करने की कोशिश भी की थी।

5 अक्टूबर की रात चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक में घुसकर आरोपी ने ताले, शटर और खिड़की का कांच तोड़ा। बैंक के भीतर चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज, कंप्यूटर मॉनिटर और कैश वॉल्ट के लॉकर को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

दोनों मामलों की जांच में जुटी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर डीडी नगर निवासी पंकज ध्रुव को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नकदी चोरी के इरादे से दोनों जगह तोड़फोड़ करना स्वीकार किया।

आरोपी पंकज ध्रुव, पिता सीताराम ध्रुव, मूल निवासी पिथौरा (महासमुंद) और वर्तमान निवासी सरोना बाजार चौक, डीडी नगर, रायपुर है। दोनों मामलों में आमानाका थाने में अपराध दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।