पत्नी के साथ युवक को आपत्तिजनक हालत में देखकर भड़का पति, टंगिया से वार कर की हत्या; गिरफ्तार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध संबंध के शक में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद उस पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले उसकी मोबाइल फोन के माध्यम से गांव की एक महिला से पहचान हुई थी। आरोप है कि शंकर ने खुद को सेना का जवान बताकर महिला से दोस्ती की थी और दोनों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था।
बुधवार को शंकर अपनी महिला मित्र से मिलने धमतरी पहुंचा था। रात में वह महिला के घर पर ही रुका हुआ था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंचा और दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। गुस्से में आकर उसने टंगिया से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।

admin 




