बेटी से दुष्कर्म करता रहा : बालिग और विवाहित बताकर अस्पताल में कराया प्रसव, पिता समेत 6 गिरफ्तार; 2 मोबाइल जब्त

बेटी से दुष्कर्म करता रहा : बालिग और विवाहित बताकर अस्पताल में कराया प्रसव, पिता समेत 6 गिरफ्तार; 2 मोबाइल जब्त

रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से उसके पिता द्वारा लगातार दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी पिता ने नाबालिग बेटी को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार उसका शोषण करता रहा। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी के कारण पीड़िता डर के चलते चुप रही।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता गर्भवती हुई तो उसने अपनी बुआ को इसकी जानकारी दी। बुआ ने उसके पिता को बताया। इसके बाद पिता गर्भपात की दवा लेकर आया और बुआ की मदद से मारपीट कर पीड़िता को दवा खिला दी। इससे उसका गर्भपात हो गया।

*दोबारा गर्भवती हुई तो दूसरे घर भेजा*

पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद पिता ने फिर पीड़िता के साथ लगातार दुष्कर्म किया। इसके चलते वर्ष 2025 में वह दोबारा गर्भवती हो गई। गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद पिता उसे वर्षा मंडल के घर लेकर गया। वहां पीड़िता को अपने पास रखने और सुरक्षित प्रसव कराने की बात कही गई।

इसके बाद वर्षा मंडल ने पीड़िता को अपनी परिचित गीता राय के घर भेज दिया। पीड़िता वहां करीब दो महीने तक रही।

*उम्र छिपाकर अस्पताल में कराया भर्ती*

आरोप है कि पीड़िता की वास्तविक उम्र छिपाकर उसकी उम्र अधिक दर्शाई गई और उसे विवाहित बताया गया। इसके लिए कथित तौर पर कूटरचित आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद गीता राय ने उसे डंगनिया स्थित वासुदेव हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए पीड़िता ने एक पुत्र को जन्म दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रसव के बाद नवजात बच्चे को डॉक्टर, पीड़िता के पिता और अन्य संबंधित लोगों की मौजूदगी में किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया। इस दौरान पीड़िता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने भय के कारण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।

*प्रसव के बाद 15 दिन तक दूसरे घर में रही*

प्रसव के बाद पीड़िता को करीब 15 दिनों तक गीता राय के घर रखा गया। इसके बाद उसका पिता उसे वापस अपने घर ले गया। मामले की जानकारी सामने आने पर पीड़िता ने 17 अगस्त 2026 को न्यू राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

*पिता, बुआ समेत 6 गिरफ्तार*

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पिता और बुआ समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

*इन धाराओं में केस दर्ज*

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया है। मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(एफ), 65, 336, 337, 61(2), 351(2), 115(2), 89, 3(5), पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(एन), 6 तथा जेजे एक्ट की धारा 81 के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

1. पीड़िता का पिता।

2. पीड़िता की बुआ।

3. रोहित कुमार राय 35 वर्ष निवासी करण नगर, चंगोराभाठा, थाना डीडी नगर, रायपुर।

4. साहेब मंडल उम्र 42 वर्ष, निवासी लिटिल स्टार होम, ऋषभ नगर, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।

5. योगिता राय उर्फ गीता राय, पति रोहित कुमार राय उम्र 32 वर्ष, निवासी करण नगर, चंगोराभाठा, थाना डीडी नगर, रायपुर।

6. बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल पति साहेब मंडल, उम्र 34 वर्ष, निवासी लिटिल स्टार होम, ऋषभ नगर, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर