कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के साथ जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के साथ जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल

जनजातीय गौरव दिवस पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन, सेवा और समर्पण के कार्यों का हुआ सम्मान

रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन कुमार अग्रवाल ने रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, मेडिकल कॉलेज में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, त्याग, स्वाभिमान एवं जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल ने युवाओं द्वारा किए जा रहे रक्तदान एवं वस्त्रदान जैसे सेवा कार्यों की सराहना की तथा विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों एवं विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रोजेक्ट दधीचि के अंतर्गत मरणोपरांत अंगदान करने वाले महानुभावों के परिजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके पुनीत योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। अग्रवाल ने कहा कि अंगदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का महान संकल्प है। ऐसे परिवारों का त्याग और मानवता के प्रति समर्पण समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

नवीन अग्रवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान की रक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और उनके सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराने का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं छत्तीसगढ़ सरकार की पहल से जनजातीय समुदाय के सम्मान, अधिकारों और विकास को नई प्राथमिकता मिली है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही समावेशी एवं विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में विधायक पुरन्दर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।