पालकी यात्रा के दौरान युवक की पिटाई, वीडियो वायरल होने पर 5 नाबालिग हिरासत में
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पालकी यात्रा के दौरान युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
बजरंग चौक के पास हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि शहर में पालकी यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान बजरंग चौक के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में कुछ युवक पीड़ित को लात-घूंसों से मारते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनसे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पीड़ित युवक की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मारपीट का शिकार हुए युवक का पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के अलावा मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
admin




