आजकल नेगेटिव बात कहने का फैशन, धर्म पर सोच कर बोलें: इंद्रेश महाराज

आजकल नेगेटिव बात कहने का फैशन, धर्म पर सोच कर बोलें: इंद्रेश महाराज
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रसिद्ध भागवताचार्य और युवा आध्यात्मिक वक्ता इंद्रेश महाराज इन दिनों रायपुर में हैं। राजधानी के देवेंद्रनगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में सोमवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। 
रायपुर पहुंचने पर इंद्रेश महाराज ने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोगों से उन्हें हमेशा खूब प्यार और स्नेह मिला है। उन्होंने धर्म और कर्म को जीवन से जोड़ते हुए कहा कि किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था पर टिप्पणी करने का असर व्यक्ति के कर्मों पर पड़ता है। उनका संदेश था कि धर्म को लेकर बोलते समय मर्यादा और संवेदनशीलता का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल नेगेटिव बोलने का फैशन बन गया है।
इंद्रेश महाराज अपने प्रवचनों में धार्मिक कथाओं को रोजमर्रा के जीवन से जोडक़र समझाने के लिए जाने जाते हैं। उनके प्रवचनों में भक्ति के साथ कर्म, आचरण और जीवन में अच्छे संस्कारों पर भी जोर रहता है। रायपुर में दिए संदेश में भी उन्होंने धर्म के प्रति सम्मान और अपने कर्मों के प्रति सजग रहने की बात कही। आयोजकों को उम्मीद है कि सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में रायपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। कथा को लेकर शहर में धार्मिक माहौल बना हुआ है और आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।