तेज रफ्तार एंबुलेंस मेडिकल स्टोर के खंभे से टकराई, चालक के नशे में होने का दावा

तेज रफ्तार एंबुलेंस मेडिकल स्टोर के खंभे से टकराई, चालक के नशे में होने का दावा

रायगढ़। मेडिकल कॉलेज रोड पर देर रात तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तनुजा मेडिकल स्टोर के बाहर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस तेज गति से आ रही थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। कुछ ही देर में एंबुलेंस सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद दुकान के बाहर मलबा बिखर गया।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और मेडिकल स्टोर संचालक ने चालक के शराब के नशे में होने का दावा किया। बताया गया कि चालक ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसकी पुष्टि पुलिस या चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

टक्कर के दौरान एंबुलेंस का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक को गंभीर चोट से बचने की बात सामने आई है। देर रात हादसा होने के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

घटना के बाद निजी एंबुलेंसों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। एंबुलेंस चालकों की योग्यता, वाहनों की फिटनेस और नशे की हालत में ड्राइविंग की जांच को लेकर भी जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर सवाल खड़े हुए हैं।

अब यह जांच का विषय है कि हादसे के समय चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। यदि जांच में नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होती है, तो चालक के साथ एंबुलेंस संचालक की जिम्मेदारी भी तय हो सकती है।