मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगपुरा में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे ने बताया कि ग्राम नगपुरा निवासी सुंदर लाल वर्मा रोज की तरह शनिवार 21 नवंबर को सुबह 5:30 बजे टहलने के लिए बसहा रोड की ओर निकले थे। जैसे ही वे शिव मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुंदर लाल सड़क पर जा गिरे। उनके सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे को शिशुपाल वर्मा, गोपाल वर्मा सहित आसपास मौजूद लोगों ने देखा। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
शिशुपाल वर्मा की रिपोर्ट पर रतनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
admin
















