जोरा सब्जी बाजार में गुम हुआ iPhone, खाते से उड़ाए 1.04 लाख रुपए; साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल गुम होने के बाद बैंक खाते से ऑनलाइन रकम निकालने का मामला सामने आया है। जोरा सब्जी बाजार में एक अधिकारी का आईफोन गुम होने के बाद अज्ञात आरोपी ने मोबाइल और उससे लिंक बैंक खाते का दुरुपयोग कर 1 लाख 4 हजार 999 रुपए की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक आनंद भूमि, पिरदा रोड जोरा निवासी 49 वर्षीय उपेंद्र कुमार छत्तीसगढ़ शासन की संस्था CMDC में महाप्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे संयुक्त उपक्रम NMDCCMBC लिमिटेड समेत अन्य संस्थाओं में डायरेक्टर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
उपेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि 16 मई 2026 की शाम करीब 5 बजे वे जोरा सब्जी बाजार गए थे। इसी दौरान उनका iPhone 11 Pro कहीं गुम हो गया। मोबाइल में जियो कंपनी का सिम लगा हुआ था। मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने तत्काल तेलीबांधा थाना में सूचना दर्ज कराई और बाद में जियो कंपनी से उसी नंबर का नया सिम जारी कराया।
इसी बीच 19 मई को उनके मोबाइल नंबर पर खाते से 99,999 रुपए निकलने का मैसेज मिला। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन बैंक ऑफ इंडिया की अवंती विहार शाखा पहुंचकर खाते की जांच कराने पर पता चला कि 16 से 19 मई के बीच अज्ञात व्यक्ति ने गुम हुए मोबाइल और उससे लिंक सिम का इस्तेमाल कर कुल 1,04,999 रुपए की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक पीयूष बघेल को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल और साइबर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत सिम ब्लॉक कराएं और बैंक खाते व यूपीआई सेवाओं को भी तत्काल बंद करवाएं, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

admin 





